बर्फबारी से बंद चकराता-लोखंडी मार्ग की स्थिति।
- फोटो : VIKAS NAGAR
चकराता में हुई बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए भारी संख्या में पर्यटक प्रतिदिन चकराता पंहुच रहे हैं। लेकिन पर्यटकों की सुरक्षा का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि चकराता थाने का सरकारी फोन नबंर पिछले एक माह से अधिक समय से बंद चल रहा है। इसके अलावा राजस्व कर्मियों के हड़ताल पर होने से वह भी पुलिस संबंधी काम नहीं कर रहे हैं।
पर्यटक स्थल चकराता का कुछ भाग सिविल पुलिस तो अधिकांश क्षेत्र राजस्व पुलिस के पास है। लेकिन घटना दुर्घटना के समय में ज्यादातर जिम्मेदारियों को पुलिस विभाग के ही माध्यम से पूरा कराया जाता है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था, जाम लगने जैसी समस्याओं के मामले में भी सिविल पुलिस ही काम करती है। इन दिनों चकराता में हुई भारी बर्फबारी के कारण भारी संख्या में पर्यटक चकराता पहुंच रहे हैं। जिसके चलते चकराता के वन चौकी क्षेत्र से लेकर कनासर रोड पर जाम की स्थिति बन रही है। लेकिन पुलिस या राजस्व पुलिस जैसी कोई व्यवस्था पूरे क्षेत्र में देखने को नहीं मिल रही है। और तो और चकराता थाना प्रभारी के पास रहने वाला सरकारी नंबर 9411112813 पिछले काफी समय से बंद चल रहा है। यदि नंबर पर डायल किया जाए तो इनकमिंग कॉल की सुविधा उपलब्ध नहीं है का संदेश सुनाई देता है। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी वीडी उनियाल का कहना है कि थाने के सरकारी मोबाइल की तकनीकि कमी को शीघ्र दूर कराया जाएगा। इसके साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा व जाम की स्थिति के संबंध में भी कार्रवाई की जाएगी। उधर एसडीएम चकराता सौरभ असवाल का कहना है कि राजस्वकर्मियों की कलमबंद हड़ताल के कारण थोड़ा समस्या जरूर है लेकिन आकस्मिक स्थिति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सचेत है।