पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहन से नकली पिस्टल (गैस लाइटर) लहराने के मामले में वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने नकली पिस्टल को कब्जे में लेते हुए उसका चालान किया। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि टिहरी बाईपास-मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर सूचना के आधार एक वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन चालक विक्की गर्ग निवासी गाजियाबाद ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ उत्तराखंड घूमने आया है। जांच में पता चला कि वाहन में सवार एक रिश्तेदार ने नकली पिस्टलनुमा गैस लाइटर को वाहन के बाहर लहराया था।
इसका किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया था। वाहन से उक्त गैस लाइटर बरामद हुआ। इसके बाद वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। संवाद