राजधानी के बाहरी मार्गों पर पुलिस डबल हेलमेट अनिवार्य रूप से लागू करने के लिए बुधवार से अभियान चलाएगी। सात दिन की जागरूकता के बाद कार्रवाई की शुरूआत की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को थाना प्रभारियों और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के मंत्रणा के बाद कार्ययोजना पर मोहर लगा दी।
परिवहन आयुक्त सीएस नपच्याल ने पांच दिन पहले दुपहिया वाहनों पर चालक और दूसरी सवारी के हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने के आदेश के बाद से बहस छिड़ी है। राजपुर क्षेत्र के कांग्रेस विधायक राजकुमार ने मुख्यमंत्री हरीश रावत को अनुरोध पत्र देकर दूसरी सवारी के हेलमेट पर रोक लगाने की मांग की थी।
तीन दिन तक पुलिस देगी जानकारी
इसी बीच पुलिस ने बीच विवाद से बचने के लिए बीच का रास्ता निकाला है। बाहरी मार्गों पर यह व्यवस्था बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रेमनगर, सहसपुर, आईएसबीटी, क्लेमेंटटाउन, आशा रोडी, मसूरी डायवर्जन से कुठाल गेट, सहस्त्रधारा रोड और हरिद्वार बाईपास पर फोकस रहेगा।
इसी परिप्रेक्ष्य में एसएसपी ने थाना प्रभारियों के साथ मंत्रणा की। कप्तान ने बताया कि बाहरी मार्गों पर कॉलेज, यूनिवर्सिटी स्थापित हैं। इन मार्गों पर नियमित रूप से चेकिंग कर चालकों को तीन दिन तक हेलमेट से होने वाली सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। पुलिस अधीक्षक यातायात धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री तृप्ती भट्ट आदि बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
यहां चलेगा अभियान
-चकराता मार्ग पर प्रेमनगर से नंदा की चौकी तक
-मसूरी मार्ग पर डायवर्जन से कुठाल गेट तक
-हरिद्वार बाईपास पर आईएसबीटी से रिस्पना पुल