मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारधाम के पुनर्निर्माण और आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि की पुनर्स्थापना के लिए आदि गुरु जैसी ही जिजीविषा, संकल्प और धैर्य की आवश्यकता थी, जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में परिलक्षित हुई। धामी ने कहा कि आज का दिन भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
जो कभी नामुमकिन लगता था, आज पूर्ण हो रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत एवं भारतीय संस्कृति का मान, सम्मान, स्वाभिमान संपूर्ण विश्व में बढ़ रहा है। भारत पुन: विश्व गुरु बनने के लिए तैयार हो रहा है। देश में जो कार्य कभी नामुमकिन से प्रतीत होते थे, वह आज पूर्णता की ओर बढ़ रहे हैं। चाहे वो राम मंदिर का मुद्दा हो, अनुच्छेद 370 का मुद्दा हो, तीन तलाक का मुद्दा हो या शक्तिशाली भारत के संपूर्ण विकास की बात हो।
राज्य में कोविड वैक्सिनेशन की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों से हम कोरोना महामारी से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने जहां एक ओर इस महामारी से डटकर मुकाबला किया है, वहीं विकास की गति को भी आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में दुनिया का सबसे बड़ा कोविड वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है। पूरी दुनिया में इसकी सराहना की जा रही है। प्रदेश सरकार ने भी सफलतापूर्वक कोविड की प्रथम डोज को लगाने का लक्ष्य समय से पूर्व ही शत प्रतिशत प्राप्त कर लिया है।
साथ ही दूसरी डोज भी करीब 50 प्रतिशत लोगों को लगाई जा चुकी है। कोरोना महामारी से प्रभावित पर्यटन, परिवहन, क्षेत्रों के लिये 200 करोड़ का राहत पैकेज, स्वास्थ्य क्षेत्र की मजबूती एवं इससे जुड़े कार्मिकों को प्रोत्साहन के लिए 205 करोड़ और महिला सशक्तीकरण एवं रोजगार को बढ़ावा देने के लिये 118 करोड़ का राहत पैकेज प्रदान किया जा रहा है। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लोगों के खातों में भेजी जा रही हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा के पास खुशहाल उत्तराखंड का रोडमैप है। कांग्रेस प्रधानमंत्री के केदारनाथ दौरे से बेहद हताश है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावी योजनाओं की घोषणा कर इसे पुख्ता भी कर दिया। प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है और जब वह राज्य में आते हैं तो देश-दुनिया में उत्तराखंड की छवि निखर कर सामने आती है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में केदारनाथ तक सड़क मार्ग और हेमकुंड तक रोपवे बनाने का उल्लेख कर उत्तराखंड के पर्यटन में क्रांतिकारी बदलाव का विजन प्रस्तुत किया है। प्रधानमंत्री ने यहां यह भी उल्लेख किया कि 10 साल में उत्तराखंड पर्यटन के जरिये खुशहाल राज्य होगा। ऑल वेदर रोड से पर्वतीय क्षेत्र में आगमन सुविधाजनक हुआ है और रेल सहित कई योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री के केदारनाथ दौरे को लेकर हताशा की स्थिति में है और बेवजह आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है।
कांग्रेस भाजपा से प्रेरित होकर देवालयों की ओर आ रही है, लेकिन भाजपा जन कल्याण की भावना से शिवालयों की ओर जाती रही है और कांग्रेस का मकसद राजनीतिक स्वार्थ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अच्छे कार्यों का अनुसरण और प्रशंसा भी बिना राजनीतिक स्वार्थ के हो तो बेहतर है।
केदारनाथ से वासुकीताल तक बनेगी आठ किमी लंबी ट्रेल
प्रकृति व पर्यावरण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग केदारनाथ से वासुकीताल तक आठ किमी लंबी ट्रेल का निर्माण करेगा। इस ट्रेल के जरिए जहां क्षेत्र की वनस्पतियों, जड़ी-बूटी और वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा। वहीं, ट्रैकिंग की राह भी आसान होगी। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर ट्रेल का खाका तैयार कर दिया है। इसका प्रस्ताव जल्द शासन को भेजा जाएगा।
डीएफओ अमित कंवर ने बताया कि मोदी गुफा व भैरव नाथ मंदिर क्षेत्र में एक-एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में तीन प्लाट तैयार करने के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण जल्द किया जाएगा। इन प्लाटों में भृंगराज समेत अन्य प्रजाति के फूलों की पौध तैयार की जाएगी। बीते वर्ष केदारनाथ में ब्रह्मकमल के संरक्षण के लिए तीन प्लॉट तैयार किए गए थे। यहां सैकड़ों ब्रह्मकमल की पौध लगी हुई हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रेल बनने से केदारनाथ से वासुकीताल तक की पहुंच एक दिशा में होने के साथ ही सरल हो जाएगी। यहां के लिए स्थायी रास्ता नहीं होने से पर्यटक अलग-अलग दिशाओं से वहां पहुंचते हैं। साथ ही पर्यावरण व प्रकृति के संरक्षण के लिए आमजन को जागरूक करने में मदद भी मिलेगी। मुख्य सचिव के निर्देश पर केदारनाथ में भी तीन और प्लॉट तैयार किए जाएंगे, जहां स्थानीय प्रजाति के फूलों की पौध व नर्सरी विकसित की जाएगी।