वंदे भारत के शुभारंभ पर सीएम धामी व राज्यपाल
- फोटो : Amar ujala
देहरादून-लखनऊ वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद से वर्चुअल माध्यम से कर दिया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के उद्बोधन को सुना। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव का देहरादून-लखनऊ के बीच वंदे भारत ट्रेन सहित अन्य सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को दी गई सौगातों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन प्रधानमंत्री के प्रगतिशील और आत्मनिर्भर भारत के विजन का साक्षात उदाहरण है। आज देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। स्वदेशी पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत उभरते हुए भारत की बुलंद तस्वीर को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है। यही कारण है कि प्रदेश में रेलवे के विस्तार के लिए 5,120 करोड़ का बजट का आवंटन हो चुका है, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छह स्टेशनों का विकास हो रहा है। देव भूमि की हर मांग को पूरा किया जा रहा है। यही नहीं एयर कनेक्टीविटी, रोपवे, सड़क, रेल, परिवहन पर निरंतर कार्य हुआ है। देहरादून से अयोध्या, पंतनगर से वाराणसी के लिए वायुयान संचालन, टनकपुर से देहरादून के मध्य ट्रेन संचालन की मांग भी पूरी हो गई। आज प्रदेश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पहाड़ तक ट्रेन पहुंचाने का सपना सच होने जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन बनते ही दुर्गम पहाड़ों में ट्रेन संचालन होना हर उत्तराखंडी के लिए गर्व की बात होगी।
ये भी पढ़ें...जेलों में सक्रिय होंगे 'हरिराम': राजनीतिक मिजाज भांपेंगे...लोकसभा चुनावों के मद्देनजर उत्तराखंड में खास तैयारी
शिल्पकारों को आजीविका के अवसर प्रदान होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा वोकल फॉर लोकल पर आधारित एक जनपद दो उत्पाद का संचालन प्रदेश के सभी 13 जनपदों में किया जा रहा है। एक स्टेशन एक उत्पाद रेलवे द्वारा शुरू किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, कुम्हार, बुनकरों और शिल्पकारों को आजीविका के अवसर प्रदान होंगे और प्रत्येक दुकान से कम से कम चार से पांच लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। इसके साथ ही देवभूमि के दो स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र का शुभारंभ होने से यात्रियों को सस्ती दरों पर दवाएं मिल सकेंगी। केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर अंतिम छोर में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तमाम योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह सेनि, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, डीआरएम आरके सिंह सहित भाजपा सांसद और विधायक मौजूद रहे।