प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून के अजय कुमार की गुहार सुन ली है और अब सुसवा नदी का उद्धार जल्द शुरू हो जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने इंटरसेप्शन एंड डाइवर्जन (आईएंडडी) और एसटीपी की परियोजना को मंजूरी दे दी है।
दूधली निवासी अजय कुमार ने पीएमओ पहुंचकर सुसवा नदी की दुर्दशा बयां की थी। उन्होंने पीएमओ को सौंपे पत्र में बताया कि सुसवा नदी आज केवल रिस्पना और बिंदाल की गंदगी गंगा तक पहुंचाने का माध्यम बनकर रह गई है। इस वजह से एक ओर जहां नमामि गंगे अभियान को पलीता लग रहा है, वहीं सुसवा के गंदे पानी की वजह से क्षेत्रवासियों को गंभीर बीमारियां हो रही हैं। अजय के इस पत्र का संज्ञान लेते हुए पीएमओ ने सुसवा के लिए विशेष परियोजना आईएंडडी और एसटीपी को मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत सुसवा का 100 प्रतिशत पानी शुद्ध करने की योजना बनाई गई है।