प्रधानंमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि उत्तराखंड जल्द ही शत-प्रतिशत पहली कोरोना डोज का पड़ाव पूरा करने वाला है। कहा कि ऑक्सीजन के निर्माण के साथ उसका ट्रांसपोर्टेशन भी मुश्किल होता है। पूर्वी भारत में सबसे अधिक ऑक्सीजन निर्माण होता है। लेकिन दूसरी लहर के दौरान उत्तर और पश्चिम भारत में ऑक्सीजन की सबसे अधिक जरूरत थी। आज देश के हर जिले के पास अपना पीएसए ऑक्सीजन प्लांट है। राज्य सरकार और केंद्र के प्रयासों से भारत में पीएम केयर्स के तहत चार हजार नए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित होंगे। हमारा देश और यहां के अस्पताल अब काफी सक्षम हो गए हैं।
कोविन प्लेटफॉर्म बनाकर पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया
कहा कि भारत ने कोविन प्लेटफॉर्म बनाकर पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया है कि इतने बड़े पैमाने पर टीकाकरण कैसे होता है। पहले छह एम्स थे। आज देश में 22 एम्स हैं। सरकार का लक्ष्य है कि देश के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाया जाए। उत्तराखंड में भी पिथौरागढ़, हरिद्वार, रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। कहा कि मैं केदारनाथ धाम पुनर्निमार्ण कार्य का जायजा लेता रहता हूं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से उत्तराखंड को लाभ मिलेगा। देहरादून हवाई अड्डे की क्षमता को बढ़ाया गया है। 2019 में जल जीवन मिशन शुरू होने से पहले उत्तराखंड के सिर्फ 1 लाख 30 हजार घरों में ही नल से जल पहुंचता था। आज उत्तराखंड के 7 लाख 10 हजार से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचने लगा है। यानि सिर्फ 2 वर्ष के भीतर राज्य के करीब-करीब 6 लाख घरों को पानी का कनेक्शन मिला है।
देश की सुरक्षा में उत्तराखंड की विशेष भूमिका
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में उत्तराखंड की विशेष भूमिका है। उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के लिए ढांचागत व्यवस्थाएं तैयार की जा रहीं हैं। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ उत्तराखंड के लोगों को भी होगा। चारधाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड पर तेजी से काम चल रहा है। कहा कि चारधाम परियोजना देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बहुत बड़ी सुविधा तो बन ही रही है, साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को भी आपस में जोड़ रही है। हमारी सरकार, हर फौजी, हर पूर्व फौजी के हितों को लेकर भी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। ये हमारी ही सरकार है जिसने वन रैंक वन पेंशन को लागू करके अपने फौजी भाइयों की 40 साल पुरानी मांग पूरी की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की टीम अच्छा काम कर रही है। केंद्र की सरकार भी प्रदेश सरकार की पूरी मदद कर रही है। उत्तराखंड अगले तीन चार सालों में गठन के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। भाजपा सरकार का डबल इंजन प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री ने अपना संबोधन समाप्त किया और सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मंच से चले गए।
इससे पहले मंच पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शॉल भेंट कर उत्तराखंड आने पर उनका स्वागत किया। कहा कि आज ही के दिन प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री की यात्रा शुरू की थी। प्रधानमंत्री हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।
एक सैनिक पुत्र को प्रदेश की सेवा का मौका दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल के कठिन समय में प्रधानमंत्री ने हमारा हाथ थामा। सैनिकों के प्रति आपका स्नेह जग जाहिर है। वह अपने सारे त्योहार सैनिकों के बीच मनाते हैं। इसलिए हर उत्तराखंडवासी के दिल में आपके लिए एक अलग प्रकार का स्नेह है। कहा कि एक सैनिक पुत्र को प्रदेश की सेवा का मौका दिया है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री के आभारी हैं।
कोरोना काल में केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों को गिनाया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया और प्रधानमंत्री के कार्यकाल में किए गए कार्यों को गिनाया। उन्होंने कोरोना काल में केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों को भी गिनाया। कहा कि पीएम मोदी ने पूरी दुनिया को वैक्सीन उपलब्ध कराई। उत्तराखंड में 95 प्रतिशत पहली डोज का टीकाकरण हो चुका है। कोरोना काल में प्रधानमंत्री ने देश की फार्मा कंपनी पर भरोसा जताया।
संयुक्त किसान मोर्चा ने किया प्रधानमंत्री के दौरे का विरोध
वहीं प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान डोईवाला में संयुक्त किसान मोर्चा ने लखीमपुर हिंसा को लेकर जुलूस निकाला। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड आगमन का विरोध किया। इस दौरान काली पगड़ी, टोपी और पट्टी बांध कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में तजेंद्र सिंह, बलबीर सिंह, गुरदीप सिंह, सुरेंद्र खालसा, जाहिद अंजुम, फुरकान आदि मौजूद थे।
प्रधानमंत्री मोदी ज्ञापन देने जा रही आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी हत्याकांड पर पीएम मोदी की चुप्पी को लेकर ज्ञापन देने ऋषिकेश जा रही प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनको गिरफ्तार कर पुलिस लाइन लाया गया, जहां से उनको प्रधानमंत्री के लौटने के बाद रिहा किया गया।