धारचूला तहसील के तल्ला दारमा के तेजम निवासी रमेश सिंह बौनाल (38) अपने घर में लैंप में तेल डालते समय झुलस गए। 14 जून से दारमा का रास्ता बंद होने और गांव में फोन सुविधा नहीं होने के कारण रमेश उपचार के लिए धारचूला नहीं पहुंच सका। एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला के निर्देश पर उसे बुधवार को हेलीकाप्टर से धारचूला लाया गया। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। प्रधान हरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की पत्नी गांव में ही है। जिस कारण देखभाल करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने एसडीएम से पीड़ित की पत्नी को भी हेलीकाप्टर से धारचूला लाए जाने की मांग की है।
विधायक धामी ने पैदल रास्तों के निर्माण के लिए की 10 लाख देने की घोषणा
विधायक हरीश धामी और एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ऐलागाड़ एसएसबी के अस्थायी हेलीपैड से आठ किमी पैदल चल जुम्मा गांव पहुंचे। इस दौरान विधायक हरीश धामी ने जुम्मा के क्षतिग्रस्त पैदल रास्तों की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने कहा कि पूर्व में कई विकास कार्य करने के दावे किए गए थे लेकिन धरातल पर एक भी कार्य नहीं देखने को मिल रहा है। इस दौरान विधायक ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़े हैं। किसी भी आपदा प्रभावितों को कोई दिक्कत नहीं होगी। एसडीएम ने कहा कि आपदा प्रभावितों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव कार्य किए जा रहे हैं। इस मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नंदा बिष्ट, ब्लाक महामंत्री रामू रोकाया मौजूद रहे।