12वीं कक्षा की छात्रा को रास्ते में रोककर उसका फोटो लेते 10वीं कक्षा के छात्र को साथी समेत पकड़ लिया गया। सिविललाइंस कोतवाली क्षेत्र की 12वीं कक्षा की छात्रा शनिवार सुबह स्कूल जा रही थी। घर के पास ही ढंडेरा निवासी 10वीं कक्षा के छात्र ने अपने साथी सोनू के साथ छात्रा का रास्ता रोक लिया।
फोटो खीचे जाने पर छात्रा ने मचाया शोर
इसके बाद वह अपने मोबाइल फोन से उसका फोटो खींचने लगा। यह देख छात्रा ने शोर मचा दिया। तभी कई लोग छात्रा की मदद को दौड़े और दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर लिया। उनकी जमकर पिटाई की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को कोतवाली ले गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन को खंगाला, लेकिन उसमें छात्रा की तस्वीर नहीं मिली।
तहरीर नहीं दी गई
छात्रा और उसके परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि पुलिस ने चेतक सिपाही राहुल की तहरीर पर छात्र और उसके साथी सोनू के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया है। सोनू एक मिठाई की दुकान पर काम करता है।