राज्य के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बावजूद मौसम का अजीबोगरीब मिजाज देखने को मिल रहा है। मौसम में आए बदलाव के चलते जहां राजधानी दून व आसपास के इलाकों में जबरदस्त कोहरा छाया रहा, वहीं दिन के तापमान में भारी गिरावट के चलते लोगों को ठंडक का भी सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अगले 24 घंटे में भी राजधानी दून व आसपास के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। ऐसे में तापमान में कमी की वजह से ठंडक का असर देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि मैदानी क्षेत्र हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में घना कोहरा देखने को मिलेगा, वहीं राज्य के पर्वतीय इलाकों में पाला पड़ने की उम्मीद है। वहीं अधिकतम तापमान भी पिछले कई दिनों से 20 डिग्री के आसपास है। जबकि न्यूनतम तापमान सात से लेकर आठ डिग्री के आसपास है।
कोहरे-ठंडक की गठजोड़ से बीमारियों का हमला
मौसम के बदले मिजाज के चलते कोहरे और ठंडक के गठजोड़ ने जहां आम लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। वहीं सर्दी, जुकाम, बुखार के साथ ही उल्टी, दस्त से पीड़ित मरीजों की भीड़ भी सरकारी और निजी अस्पतालों में देखने को मिल रही है। पिछले पांच दिनों के भीतर दून अस्पताल, कोरोनेशन, गांधी शताष्ब्दी जैसे सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ में इजाफा हुआ है। कोरोनेशन अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एनएस बिष्ट के मुताबिक अस्पताल में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज आ रहे हैं जो सर्दी, जुकाम, बुखार के साथ ही उल्टी और दस्त की शिकायत दर्ज करा रहे हैं। बकौल डॉ. बिष्ट मौसम का जो मिजाज देखने को मिल रहा है। इसमें थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। दूसरी ओर दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. केसी पंत ने बताया कि अस्पताल में शनिवार को 980 मरीज इलाज कराने आए। जिसमें से ज्यादातर सर्दी, जुकाम, बुखार और डायरिया से पीड़ित हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंत ने बताया कि दिन में तापमान में गिरावट के चलते ठंडक का असर देखने को मिल रहा है। ऐसे में लोगों को थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है।
तापमान अधिकतम- 21 डिग्री
तापमान न्यूनतम- 08 डिग्री
-सूर्योदय- सुबह 7.14 बजे
सूर्यास्त- शाम 5.40 बजे