यमकेश्वर के धुनार गांव में आयोजित कैंप में उपस्थित ग्रामीण और अधिकारी।
- फोटो : RISHIKESH
जिलाधिकारी पौड़ी के निर्देश पर यमकेश्वर के धुनार गांव के लोगों को लाभान्वित करने के लिए प्रशासन की ओर से कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान आला अधिकारियों ने गांव की प्रमुख समस्याओं को सुना, जिसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष पेश की जाएगी।
शुक्रवार को नोडल अधिकारी उद्यान विभाग विशेषज्ञ शंभूनाथ मिश्र की अध्यक्षता में धुनार गांव मेें ग्रामीणों के संग एक बैठक आयोजित की गई। इसमें कोटा-माला ग्राम्य विकास संगठन के अध्यक्ष शक्ति सिंह राणा ने आला अधिकारियों को रोड की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यहां सड़क न होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसाती दिनों में तो यहां राशन पानी की समस्या काफी विकट हो जाती है। पूर्व में यहां सड़क स्वीकृत तो हुई, मगर काम शुरू नहीं हो पाया। इस दौरान उन्होंने रेंज अधिकारी धीर सिंह को जंगली जानवरों की समस्या से भी अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि गांव में काफी समय से जंगली जानवरों का आतंक फैला हुआ है। आए दिन यहां हाथी और जंगली सुअर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस कारण यहां के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नोडल अधिकारी शंभूनाथ मिश्र ने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं की रिपोर्ट जिलाधिकारी पौड़ी को भेजी जाएगी। बैठक मेें ग्राम विकास अधिकारी सुरजीत सिंह रावत, पंचायत अधिकारी दिनेश रावत आदि उपस्थित रहे।