अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश की एंटी माइनिंग फोर्स की छापेमारी के बाद जिला प्रशासन भी सख्ती पर उतर आया है।
मंगलवार को फेरूपुर गांव के समीप एक स्टोन क्रशर पर छापा मारकर प्रशासन की टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध खनन का भंडारण पकड़कर क्रशर सीज कर 70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। अग्रिम आदेश तक क्रशर बंद रखने का आदेश जारी किया है।
सबसे बड़ी कार्रवाई
प्रशासन की टीम ने सुबह अवैध खनन के खिलाफ अभी तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम सोहन सिंह, तहसीलदार दिनेश मोहन उनियाल ने सिंचाई विभाग के इंजीनियरों के साथ क्षेत्र के तीन स्टोन क्रशरों पर छापेमारी की।
एसडीएम सोहन सिंह ने बताया कि इस दौरान फेरुपुर गांव में कमल स्टोन क्रशर के कैचमेंट एरिया में एक बहुत बड़े गड्ढे में अवैध खनन की सामग्री भरी पड़ी थी।
नहीं दिखा पाए कागजात
क्रशर पर तैनात कोई भी कर्मचारी और संचालक इससे संबंधित कागजात नहीं दिखा पाए। 15700 घन मीटर क्षेत्रफल में अवैध खनन सामग्री भरी हुई थी।
उसके बाद क्रशर संचालक पर 70 लाख 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा क्रशर पर खुदाई में लगाए लोडर और डंपर भी सीज किए गए।
उसके बाद टीम कृष्णा और शिव स्टोन क्रशरों पर छापा मारने पहुंची लेकिन यहां अनियमितता नहीं मिली। एसडीएम ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। सभी क्रशर चैक करने के बाद पट्टों की पैमाइश की जाएगी।
रायल्टी का पांच गुना लगता है जुर्माना
एसडीएम सोहन सिंह ने बताया कि अवैध खनन पर रायल्टी का पांच गुना जुर्माना लगता है। कमल स्टोन क्रशर पर 15700 घन मीटर खनन सामग्री गड्ढा खोद कर रखी हुई थी। यह खनन का अवैध भंडारण था। इस पर (15700 गुणा 450) 70 लाख 65 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।