पासपोर्ट बनाने में देरी से बचने के लिए पासपोर्ट मेले का फायदा उठाइए।
छह सितंबर को लगे पिछले मेले के रिस्पांस को देखते हुए पासपोर्ट कार्यालय बीस सितंबर को दोबारा मेला लगाएगा। इसके ऑनलाइन अपॉइंटमेंट 17 सितंबर शाम चार बजे से लिए जा सकते हैं। मेला प्रदेश के सभी 13 जिलों के आवेदकों के लिए है।
पासपोर्ट कार्यालय ने पिछला पासपोर्ट मेला देहरादून में आयोजित किया था। इसमें 300 अपॉइंटमेंट का कोटा 13 मिनट में भर गया था। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विजय शंकर पांडेय ने बताया कि इस बार करीब 400 अपॉइंटमेंट का कोटा फिक्स है।
उपलब्धता के आधार पर आवेदकों को अपॉइंटमेंट मिलेंगे। नवीनीकरण और फ्रेश दोनों पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इनका रखें ध्यान
बायोमैट्रिक टेस्ट, उंगलियों के निशान और फोटो खिंचवाने के लिए तय वक्त पर हाथीबड़कलां स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके) पहुंचना होगा। आवेदक साथ दो पासपोर्ट साइज के सफेद बैकग्राउंड वाले रंगीन फोटो लाएं। मेले के दिन तत्काल श्रेणी, पीसीसी, ऑनलाइन होल्ड और वाक इन प्रक्रिया के तहत आवेदन स्वीकर नहीं किए जाएंगे।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उत्तराखंड के सभी जिलों के आवेदक वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर लॉग इन करें। आप्शन के मुताबिक, जरूरी सूचनाएं भरें। फीस का ऑप्शन आने पर डेबिट या क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग से आनलाइन फीस जमा करें। उपलब्धता पर साइट से अपॉइंटमेंट मिलेगा।
फीस और आवेदन की रसीद के साथ शैक्षिक, जन्म और अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों के साथ बायोमैट्रिक टेस्ट के लिए तय वक्त पर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर पहुंचें। पूछताछ के लिए कार्य दिवस और कार्यालय समय पर एमकेपी रोड स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के फोन नंबर 0135-2652165, 2652160 पर संपर्क कर सकते हैं या सीधे क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी से मिल सकते हैं।