साहिया। जौनसार बावर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले कालसी-चकराता मोटरमार्ग पर कालसी और साहिया के बीच सुरक्षा दीवार की जगह पैराफिट बनाने पर लोगों ने आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि पैराफिट के कारण सड़क संकरी हो गई है। इस कारण हादसे की संभावना बनी हुई है।
मोटरमार्ग 41 किमी लंबा है। कालसी से साहिया के बीच की दूरी 19 किमी है। बीते साल बरसात के दौरान कालसी और साहिया के बीच झड़वाला, स्वाडा मोड, असनाड़ी, चापनू आदि जगहों पर सुरक्षा दीवारें ढह गई थीं, लेकिन इन जगहों पर विभाग ने फिर से सुरक्षा दीवार बनाने के बजाय पैराफिट का निर्माण कराना शुरू कर दिया है। उत्पाल्टा के पूर्व प्रधान सतपाल राय, साहिया नेवी के पूर्व प्रधान मोहन लाल शर्मा, दीवान सिंह तोमर, विरेंद्र सिंह पंवार आदि का कहना है कि यह सिर्फ सरकारी धन का दुरुपयोग है। सुरक्षा दीवार का निर्माण कर विभाग को सड़क को चौड़ा करना चाहिए था, लेकिन पैराफिट बनने से सड़क और तंग हो गई है। इन स्थानाें पर एक साथ दो वाहन नहीं गुजर पा रहे हैं। जल्द ही पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है। गर्मियों में सैकड़ों की संख्या में दूसरे राज्यों के पर्यटक चकराता और आसपास के क्षेत्रों में घूमने के लिए आते हैं। संकरे हिस्से देखकर उनके मानस पटल पर यहां की छवि खराब होगी।
लोनिवि खंड साहिया के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने कहा कि शासन को सुरक्षा दीवारों के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन बजट स्वीकृत नहीं हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से इन जगहों पर पैराफिट का निर्माण किया जा रहा है।