अपने गांव की लड़की को 74 पेज का लव लेटर लिखने वाले पांडे जी को अब जाकर अपना प्यार मिल गया है। पर इस बार उनके इश्क का अंदाज बेहद नफासती यानी लखनवी है।
लखनऊ में नई फिल्म ‘लखनवी इश्क’ की शूटिंग कर रहे हेमंत पांडे इस बार बेहद सीरियस हैं। हों भी क्यों न, आखिर इश्क लड़ाने के लिए बेहद खूबसूरत हीरोइन शिल्पी जो मिली हैं। फिल्म में अध्ययन सुमन, करिश्मा कोटक भी लीड रोल में नजर आएंगे।
हेमंत पांडे ने बताया, भले ही फिल्म में प्यार कर रहा हूं, लेकिन यह मुझे जिंदगी के पुराने एपिसोड याद दिलाती है। हेमंत के मुताबिक अब जाकर मेरा असल करियर शुरू हो रहा है। अब तक फिल्मों में मेरे किरदार कॉमेडी भरे होते थे, लेकिन मैं कॉमेडी के लिए नहीं बना हूं।
पहली बार मिली हीरोइन
‘लखनवी इश्क’ हेमंत को इसलिए भी पसंद है, क्योंकि पहली बार किसी फिल्म में उन्हें हीरोइन मिली है। फिल्म में गेट-अप भी काफी चेंज है। हेमंत के मुताबिक हेयर स्टाइल से लेकर माडर्न ड्रेस में बाइक पर निकलता हूं तो जवानी के दिन याद आ जाते हैं।
फिल्म में मेरा सेकेंड लीड रोल है। साथ में नई हीरोइन शिल्पी हैं। इसके अलावा मुकेश खन्ना, रति अग्निहोत्री, शरद सक्सेना, ब्रजेश हीर भी सपोर्टिंग रोल में दिखेंगे।
पांडेजी का है कहना
नई हीरोइन संग काम करने में जहां काफी तालमेल बिठाना पड़ रहा है, वहीं एक फ्रेशनेस भी है। इस फिल्म में अलग तरह का ठहराव भी है।
-हेमंत पांडे, बॉलीवुड एक्टर
भाई-बहन का प्यार भी आएगा नजर
हेमंत पांडे ने बताया कि फिल्म हीरो-हीरोइन के अलावा भाई-बहन के किरदार भी फोकस है। फिल्म में वह लीड हीरोइन के भाई बने हैं।
दिखाया गया है कि बचपन के दिनों में वह बहन को साइकिल से लेकर कहीं जा रहे होते हैं। इसी बीच एक हादसे में बहन अपनी आंखें खो देती है। हेमंत इसका जिम्मेदार खुद को मानते हैं। तब से उनका ध्यान बहन की देखभाल में लग जाता है।
(नोटः इस खबर से संबंधित किसी भी सुझाव या सवाल के लिए मेल आईडी-nailinig@ddn.amarujala.com और इस नंबर- 9897830519 पर संपर्क कर सकते हैं।)