प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैशलेस ट्रांजेक्शन योजना को अब प्रदेश की हर पंचायत में लागू किया जाएगा। इसके लिए पंचायती राज विभाग प्लान तैयार कर पंचायत स्तर पर ट्रेनिंग देगा।
प्रदेश सरकार अच्छा काम करने वाली ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत करेगी। पंचायती राज मंत्री अरविंद पांडे ने विभाग को पंचायतों को पुरस्कृत करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा है।
विधानसभा में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अरविंद पांडेय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जनशताब्दी वर्ष के अवसर पर जनता को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं परिवार रजिस्टर की नकल ऑनलाइन उपलब्ध कराने और प्रमाण पत्रों को प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी सरलीकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्य को पारदर्शी बनाने के लिए पंचायत द्वारा पूर्ण तथा संचालित निर्माण कार्यों को सॉफ्टवेयर प्लान प्लस में अपलोड करने व पंचायतों से संबंधित आय-व्यय के खर्चे को साफ्टवेयर में अपलोड करने के निर्देश दिए।