ज्वैलर की दुकान पर जेवर देखने के बहाने युवक-युवती ने पाजेब चोरी कर ली। कुछ देर बाद वहां से बहाना बनाकर चले गए। ज्वैलर ने जब सामान अंदर रखने के लिए गिना तो चोरी का पता चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार धामावाला के रहने वाले बलई मंडल पुत्र मदन मंडल की दुकान सिद्धि विनायक ज्वेलर्स के नाम से ठाकुरपुर रोड प्रेमनगर में है। बलई मंडल ने शिकायत में बताया कि, बीती 26 नवम्बर की की रात करीब साढ़े नौ बजे एक युवक युवती उनकी दुकाने में आए। दोनों ने खुद को पति पत्नी बताते हुए अपना नाम अमित कुमार झा पुत्र रंजू झा निवासी खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश और बरखा पत्नी अमित कुमार झा बताया था। दोनों स्कूटी से दुकान में आए थे और उन्हें खरीदने की बात कहते हुए कान की बाली और चांदी की पाजेब देखी।
पसंद आने पर 16 हजार सात सौ पेटीएम के माध्यम से भुगतान करना चाह। लेकिन, किन्ही कारण से भुगतान नहीं हुआ तो उन्होंने एटीएम से पैसे निकाल कर आने की बात कही। बलई मंडल का कहना है कि उनके जाने के बाद दुकान का सामान समेटना शुरू किया तो देखा कि, एक जोडी चादी की पाजेब नहीं थी। आरोप है कि दुकान में सामान लेने के बहाने से आकर युवक युवती पाजेब चुरा कर ले गए। पुलिस का कहना है कि मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।