आबकरी नीति पर फजीहत झेल रही उत्तराखंड कांग्रेस को बृहस्पतिवार को बड़ी विचित्र स्थिति का सामाना करना पड़ा। सरकार के खिलाफ दो शराब कंपनियों की ओर से हाईकोर्ट में दायर याचिका की पैरवी खुद पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पी. चिदंबरम ने की।
कंपनियों के पक्ष में आया फैसला
स्वागत के लिए पहुंच कांग्रेसियों को मालूम पड़ा कि चिदंबरम अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ पैरवी के लिए पहुंचे हैं तो कार्यकर्ता उनसे मिले बगैर ही चुपचाप लौट गए। यही नहीं चिंदबरम की पैरोकारी का ही दम है कि शराब कंपनियों को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिल गई।
चिदंबरम बृहस्पतिवार को राज्य सरकार के खिलाफ निजी कंपनी यूनाईटेड स्प्रीट लिमिटेड व परनोड रिकार्ड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दायर याचिका की पैरवी करने दिल्ली से हाईकोर्ट आए थे। चिदंबरम को इन कंपनियों ने हाईकोर्ट में पैरवी के लिए अपना वकील नियुक्त किया है।
इधर, कांग्रेसियों को जानकारी मिली कि चिदंबरम नैनीताल में बार एसोसिएशन के किसी कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं तो वह उनसे मुलाकात करने चले गए। लेकिन हाईकोर्ट पहुंचने पर कांग्रेसियों को हकीकत पता चली तो उनके सामने मुंह छिपाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। वे बिना स्वागत किए ही वहां से चुपचाप खिसक लिए।