स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा ने मसूरी में उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया। बताया कि दो सप्ताह में ऑक्सीजन प्लांट काम करना शुरू कर देगा। कहा कि देहरादून अटैच चिकित्सकों को वापस मसूरी भेजने के लिए शीघ्र कार्यवाही की जाएगी।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा ने उप जिला चिकित्सालय लंढौर का रविवार को निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड वार्ड, एक्स रे रूम, जनरल वार्ड का भी निरीक्षण किया। डीजी हेल्थ ने अस्पताल में सफाई व्यवस्था ठीक रखने के निर्देश दिए। कहा कि अस्पताल में बन रहे ऑक्सीजन प्लांट का कार्य दो सप्ताह में पूरा हो जाएगा। इसके बाद अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नहीं रहेगी। कहा कि अस्पताल में उपकरणों के साथ ही चिकित्सकों की कमी नहीं होने दी जाएगी। देहरादून अटैच चिकित्सकों को मसूरी वापस भेजने की दिशा में जल्द कार्यवाही की जाएगी। मसूरी की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। कहा कि मसूरी में सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
सीएमएस डॉ. यतेन्द्र सिंह ने बताया कि डीजी हेल्थ ने तीसरी लहर की तैयारी शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया है। इस अवसर पर कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, डॉ. अभिषेक, डॉ. अनुष्का जोशी मौजूद रहे।