सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की गई है। चार साल पहले युवक से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
चंदन सिंह निवासी चमोली, पिलखोली तहसील रानीखेत जिला अल्मोड़ा ने पुलिस को शिकायत की है। उन्होंने बताया कि 2017 में अरविंद सुंदरियाल निवासी नत्थनपुर थाना नेहरू कॉलोनी के संपर्क में आए थे। आरोपी ने पीड़ित को झांसे में लिया कि वह सचिवालय में नौकरी दिलवा देगा। चंदन सिंह ने नौकरी के लालच में 80 हजार रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा करा दिए। इसके बाद लगभग 70 हजार रुपये नगक रानीखेत में लिए गए। नवंबर 2017 में यह रकम दी गई। इसके बाद पीड़ित लंबे समय तक आरोपी के पास नौकरी के लिए संपर्क करता रहा, लेकिन उसने अलग-अलग झांसे दिए।
ठगी को लेकर पीड़ित ने रानीखेत कोतवाली में तहरीर दी। सुनवाई नहीं होने पर डीएम और एसएसपी अल्मोड़ा से शिकायत की। इस पर अल्मोड़ा पुलिस ने मामले को दर्ज करने के लिए नेहरू कॉलोनी थाना भेजा। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष राकेश गुसाईं ने बताया कि अआरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की जाएगी।