हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में होली के दिन बुजुर्ग की पीट-पीट कर हत्या करने के दो आरोपियों को हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र के भागीरथी नगर भारतमातापुरम कालोनी निवासी रामधीरज होली की शाम को अपने घर पर बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान दौरान पड़ोस में किराये पर रहने वाले वकील और उसका बेटा श्रीराम आश्रम के पास दो व्यक्तियों के साथ गाली गलौज कर रहे थे।
बुजुर्ग ने जब गाली गलौज करने का विरोध किया था कि वकील के पुत्र ने लोहे की रॉड से हमला बोल दिया था। आरोपी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए थे। हालत गंभीर होने पर बुजुर्ग को एम्स ऋषिकेश से देहरादून के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस संबंध में बुजुर्ग के पुत्र गंगा प्रसाद ने मुकदमा दर्ज कराया था। रविवार को बुजुर्ग की मौत हो गई थी। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपी सुनील पुत्र वकील निवासी भागीरथी पुरम और उसके दोस्त विक्रम पुत्र बाली निवासी बदला जिला रोहतक हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।