हरिद्वार जिला उद्योग केंद्र में महाप्रबंधक और कर्मचारियों के विवाद के दूसरी जगह स्थानांतरित महाप्रबंधक की सुगम में तैनाती की तैयारी से उद्योग विभाग राज्य कर्मचारी संघ में आक्रोश है। संघ का कहना है कि विवाद के बाद जिस जगह महाप्रबंधक का ट्रांसफर हुआ था, उन्होंने वहां ज्वाइन नहीं दी। इसके बाद महाप्रबंधक को दंडित करने के बजाय अब उन्हें अतिसुगम स्थान में तैनाती देने की तैयारी चल रही है। इस संबंध में संघ ने सचिव एमएसएमई को ज्ञापन प्रेषित किया है।
दरअसल, विगत वर्ष जिला उद्योग केंद्र हरिद्वार में कार्यरत कर्मचारियों और वहां तैनात महाप्रबंधक के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद मामले की जांच जिलाधिकारी हरिद्वार, निदेशक उद्योग और सचिव एमएसएमई की ओर से की गई। जांच के बाद तीन कर्मचारियों और महाप्रबंधक का ट्रांसफर वहां से अन्य जनपदों में किया गया था। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल बलूनी ने बताया कि कर्मचारियों ने तो नए स्थल पर तैनाती दे दी, लेकिन महाप्रबंधक ने नई स्थल पर तैनाती नहीं दी। इसके बाद उन्हें सिडकुल मुख्यालय से अटैच कर दिया। उक्त महाप्रबंधक की तैनाती वहां से भी अतिसुगम में करने की तैयारी की जा रही है, जो कर्मचारियों के साथ अन्याय है। अगर महाप्रबंधक की तैनाती अतिसुगम में होती है, तो विभाग को कर्मचारियों की तैनाती भी पूर्व के स्थान हरिद्वार में ही करनी होगी।