वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह खबर सुकून देने वाली है। नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के निर्देश पर राजाजी टाइगर रिजर्व में करायी जा रही बाघों की गणना को लेकर परिणाम बड़े सकारात्मक आए हैं। नाम नहीं छापने की शर्त पर राजाजी टाइगर रिजर्व के एक अधिकारी का कहना है कि चौथे चरण की गणना पूरी होने के बाद पता चलता है कि टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है जो अच्छी बात है। बाघोें की गणना का चौथा चरण पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी को भेजा जाना है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो पहले राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या सिर्फ 42 थी, जिसमें 40 बाघ टाइगर रिजर्व पूर्वी क्षेत्र में थे, जबकि पश्चिमी क्षेत्र में बाघों की संख्या सिर्फ दो थी। पश्चिमी क्षेत्र में बाघों की कम संख्या देखते हुए नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी की ओर से कई कदम उठाए गए। इसके तहत जिम कार्बेट टाइगर रिजर्व से बाघ-बाघिन लाए जा रहे हैं। फिलहाल दो बाघ बाघिन को राजाजी टाइगर रिजर्व लाया गया है। इस बीच नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के निर्देश पर राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों की गणना का काम शुरू कर दिया गया। ट्रैप कैमरा समेत कई तकनीक से बाघों की गणना की गई। सुकून वाली बात यह है कि बाघों की गणना में बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं। राजाजी टाइगर रिजर्व निदेशक अखिलेश तिवारी का भी कहना है कि टाइगर रिजर्व में बाघों की गणना का काम पूरा कर लिया गया है। फिलहाल राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी तो हुई है लेकिन बाघों की संख्या में कितना इजाफा हुआ है इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।