फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी का ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में जोरदार स्वागत

Mon, 23 Oct 2017 05:11 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
विज्ञापन
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने कहा कि देश में ऐसे भी स्थान हैं, जहां भैंस दो लाख की बिकती है और लड़की 20 हजार रुपये में। सत्यार्थी ने कहा कि है कि देश में मानव तस्करी रोकने के लिए जल्द सख्त कानून बनाया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री ने उन्हें यह कानून बनाने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन


नोबेल पुरस्कार विजेता सत्यार्थी ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए भारत यात्रा पर निकले कैलाश सत्यार्थी का उत्तराखंड में अपने पहले पड़ाव के दौरान ग्राफिक एरा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के आंकड़े देते हुए बताया कि पिछले साल देश में बच्चों के यौन उत्पीड़न के 15,000 मामले दर्ज हुए, इनमें से केवल चार प्रतिशत में सजा हुई है, छह प्रतिशत मामलों में अभियुक्त छूट गए और 90 प्रतिशत मामले लम्बित हैं। ऐसे मामलों में अपराधियों को जल्द सजा दिलाने के लिए हर जिले में विशेष अदालतें बनाई जानी चाहिए। पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना जरूरी है। इसके लिए समय सीमा तय की जानी चाहिए। समय पर न्याय न मिलने में जिम्मेदार अधिकारियों को दंडित करने की व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने बलात्कार के कई मामलों का जिक्र करते हुए बाल अपराधों पर चिंता जाहिर की। दुनिया में बाल मजदूरी में कमी आई है, लेकिन इसे पूरी तरह रोकने के लिए खामोश रहकर मजदूरी करने वाले लाखों बच्चों के मौन पर प्रहार करने की जरूरत है। सत्यार्थी ने कहा कि हार या जीत को परवाह किए बगैर मैदान में उतरने वाले ही इतिहास रचते हैं। उन्होंने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी के बच्चों से इतिहास रचने का आह्वान करते हुए कहा कि पूरे देश को उनसे बहुत उम्मीदें हैं।
विज्ञापन

नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने छात्र छात्राओं और अन्य लोगों को बाल श्रम और यौन शोषण के विरूद्ध आवाज उठाने और इन्हें रोकने की शपथ दिलाई। इससे पहले उन्होंने ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के नन्हें मुन्नों से मुलाकात की। केबिनेट मंत्री प्रकाश पंत ने भरोसा दिलाया कि देवभूमि में आकर सत्यार्थी की भारत यात्रा को और ज्यादा प्रखरता और ऊर्जा मिलेगी। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में समारोह में पहुंचे प्रकाश पंत ने कहा कि हमारी संस्कृति यौन उत्पीड़न का विरोध करती है।

ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) कमल घनशाला ने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी का स्वागत करते हुए बचपन को सुरक्षित करने के अभियान में पूरी भागीदारी का ऐलान किया। डॉ. घनशाला ने कहा कि ग्राफिक एरा ने नए प्रोजेक्ट में काम करने वाले मजदूरों के बच्चों को निशुल्क पढ़ाने आदि की सारी व्यवस्थाएं संस्थान करेगा ताकि वे भी डॉक्टर और इंजीनियर बन सकें।
विज्ञापन

परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि भारत की पहचान उसके संस्कारों से है। भारत की जीडीपी संस्कार है। कई महापुरूषों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका बचपन सुरक्षित न होता तो वे महापुरूष नहीं बन पाते। डिवाइन शक्ति फाउंडेशन की अध्यक्षा साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि भारत में साढ़े तीन करोड बच्चे गुलामी का जीवन जी रहे हैं। इन्हें आजाद कराए बगैर तब तक हम खुद को आजाद नहीं कह सकते। बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र खंडूरी ने आंकड़े देते हुए कहा कि उत्तराखंड में दूसरे राज्यों के मुकाबले बाल अपराधों की संख्या कम है, इसके बावजूद आयोग बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए बहुत गंभीरता से कदम उठा रहा है। पुलिस के अपर महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि उत्तराखंड में ऑपरेशन स्माइल के तहत पिछले तीन सालों में 1266 बच्चों का रेस्क्यू किया गया है। बच्चों से जुड़े अपराधों पर पूरे राज्य में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर कैलाश सत्यार्थी ने डॉ. कमल घनशाला और स्वामी चिदानंद सरस्वती के साथ गुब्बारे उड़ाकर सुरक्षित बचपन का संदेश दिया। समारोह में उत्तराखंड के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार देने के लिए बहुराष्ट्रीय कम्पनी कैब जैमिनी के सीनियर डायरेक्टर (एच. आर.) असद कादरी को सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय भट्ट ने की। समारोह को सर्व श्री हितेश शंकर, महेंद्र पांडेय, हरि बोरिकर ने भी संबोधित किया। संचालन एरा के डॉ एम पी सिंह और भारत यात्रा समिति की राज्य समंवयक जया मित्रा ने किया। कैलाश सत्यार्थी फाउंडेशन की सुमेधा सत्यार्थी, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. आर सी जोशी, वाइस चांसलर डॉ एल एम एस पालनी, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. संजय जसोला, बीजेपी नेता उमेश अग्रवाल समेत अनेक गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए। कई स्कूल–कॉलेजों के छात्र-छात्रा इस मौके पर मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें