मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्यपाल के बयान पर कहा कि राज भवन के कार्यों में सरकार का कोई दखल नहीं है। विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की कमी जरूर है, लेकिन सरकार ने कभी राजभवन में किसी व्यक्ति को कुलपति बनाने की पैरवी नहीं की।
गौरतलब है कि गोविंद बल्लभ पंत कृषि विवि के कुलपति चयन के मामले में दवाब होने पर बीते दिन राजपाल अजीज कुरैशी ने रोष जताया था।
राजभवन की गरिमा नहीं गिराएंगे
नई टिहरी के कोटी कालोनी में टिहरी झील साहसिक महोत्सव में शिरकत करने पहुंचे सीएम हरीश रावत से जब पत्रकारों ने पूछा कि कुलपति चयन (सर्च कमेटी) के लिए सरकार राजभवन की सलाह पर क्यों अमल नहीं कर पा रही है तो सीएम रावत ने कहा कि सर्च कमेटी का पैनल तैयार करने में सरकार के स्तर पर क्या कमी है इसका वे संज्ञान लेकर जल्द निराकरण करेंगे।
सरकार की मंशा स्पष्ट है कि राज्य के सभी विवि में कुलपतियों की नियुक्ति होनी चाहिए। हमारी सरकार कभी भी राजभवन की गरिमा पर ठेस पहुंचाने का काम नहीं करेगी।