रविवार को सीएम आवास में उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने आईएमए और एनडीए में 2014 से 2018 तक चयनित 140 कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र और 50-50 हजार रुपये के चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कमंाड हॉस्पिटल स्थापित करने की बात कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में सैनिकों के सम्मान समारोह के आयोजन से वह गौरव का अनुभव कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा मंत्री जैसे अहम मंत्रालय की जिम्मेदारी निर्मला सीतारमण को दी इससे यह संदेश गया कि देश अपनी बेटियों पर भरोसा करता है, बेटियां सब कुछ कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री सीतारमण ने जब सुखोई से उड़ान भरी तो देश की बेटियों के सपनों को भी पंख लग गए।
इस मौके उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड का सेना में 18 फीसदी योगदान है। राज्य सरकार सैनिक और उनके परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि तीन लाख रुपये से कम आय वाले परिवार के 50 बच्चों को एनडीए और सीडीएस की निशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदेश सरकार प्रदान करेगी।
इस मौके पर थल सेनाध्यक्ष जनरल विपिन रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, विधायक गणेश जोशी, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, आईएमए के अधिकारी, पूर्व सैनिक, शहीद सैनिकों के परिजन और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
कौन-कौन हुआ सम्मानित
इस अवसर पर विक्टोरिया क्रास पदक विजेता स्व. गब्बर सिंह, स्व. दरवान सिंह नेगी, स्व. वीरचंद्र सिंह गढ़वाली, पूर्व सेना प्रमुख स्व. जनरल बीसी जोशी और स्व. बाबा जसवंत सिंह के परिजनों के साथ-साथ सेना में कमीशन प्राप्त करने वाली कैप्टन प्रिया शर्मा सेमवाल, संगीता मल्ल, फ्लाइंग ऑफिसर अनुपमा जोशी व नेवल ऑफिसर वर्तिका जोशी की माता डॉ. अल्पना जोशी को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ऐसे परिवार जिनकी तीन पीढ़ियों द्वारा सेना में अपनी सेवाएं दी गई को भी सम्मानित किया गया।
कर्नल कोठियाल की प्रशंसा
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने सेना में भर्ती के लिए राज्य के युवाओं को प्रशिक्षण देने वाले निम के निदेशक कर्नल अजय कोठियाल की प्रशंसा की। कहा कि कर्नल कोठियाल जैसे लोग सभी को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यूथ फाउडेंशन के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत खुखरी डांस की भी सराहना की।