उत्तराकाशी के अभागे कलाप के लोगों का जीवन संवारने के लिए निम आगे आया है। उन्होंने गांव के युवकों को सेना में भर्ती के लिए तैयार करने का ऐलान किया है।
सेना में भर्ती के लिए निम करेगा तैयार
शनिवार (15 नवंबर) को ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित उत्तरकाशी के अभागे गांव कलाप की व्यथा कथा ने निम (राष्ट्रीय नेहरू पर्वतारोहण संस्थान) के प्रधानाचार्य कर्नल अजय कोठियाल को व्यथित कर दिया। अब निम गांव के युवकों को सेना में भर्ती के लिए तैयार करेगा।
इसके लिए 21 नवंबर को नैटवाड़ में कैंप लगाकर कलाप के साथ ही मोरी प्रखंड के अन्य गांवों के योग्य युवकों को चयनित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कर्नल कोठियाल के कैंपों से प्रशिक्षित युवकों की सफलता दर काफी अधिक है।
कर्नल कोठियाल ने अमर उजाला को बताया कि वह कलाप के युवकों को सेना में भर्ती के लिए तैयार करेंगे। 21 नवंबर को नैटवाड़ में कैंप लगाकर कलाप के साथ ही आसपास के गांवों के सेना में भर्ती योग्य युवकों का चयन किया जाएगा जिन्हें गंगनाणी बड़कोट में चल रहे कैंप में तीन माह तक निशुल्क सघन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ज्ञातव्य है कि कर्नल कोठियाल पहाड़ के युवकों को सेना में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से पूर्व में एनआईएम, गजा, मनेरा, भटवाड़ी, गुप्तकाशी आदि स्थानों पर निशुल्क कैंप लगा चुके हैं। इनमें प्रशिक्षण पाकर अब तक 100 से अधिक युवक सेना में भर्ती हो चुके हैं।