नगर निकाय चुनाव के कारण अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पुलिस विभाग में रेडियो अनुरक्षण व रेडियो केंद्र अधिकारी पदों की शारीरिक परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया है। अब जिले स्तर पर पुलिस मुख्यालय में 23 से 28 नवंबर तक अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
चयन आयोग ने पूर्व में रेडियो अनुरक्षण अधिकारी व रेडियो केंद्र अधिकारी पदों की भर्ती के लिए 12 से 18 नवंबर तक शारीरिक परीक्षा तिथियां घोषित की थी। लेकिन 18 नवंबर को प्रदेश में निकाय चुनाव होने हैं। ऐसे में पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में होने के कारण चयन आयोग ने शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथियों में परिवर्तन किया है।
चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए शारीरिक परीक्षा जिले वार आयोजित की जाएगी। जिले स्तर पर पुलिस मुख्यालय में ही अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया जाएगा। पुलिस विभाग में रेडियो अनुरक्षण व रेडियो केंद्र अधिकारी के 36 पदों के लिए यह भर्ती होगी। शारीरिक परीक्षा में चयनित अभ्यर्थी ही लिखित परीक्षा में बैठेंगे।