रुड़की में विदेशी छात्रों से मारपीट के बाद विभिन्न संगठनों के रोजाना कॉलेज के बाहर पहुंचने से पुलिस की टेंशन बढ़ गई है। पुलिस विदेशी छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही विदेशी छात्र दिल्ली दूतावास में शिफ्ट हो सकते हैं। पुलिस की अब इस मामले में दूतावास और कॉलेज प्रबंधन पर नजर टिकी है।
भगवानपुर के पुहाना क्षेत्र स्थित आरआईटी कॉलेज में 15 जुलाई को दो विदेशी छात्रों से सुरक्षा गार्डों ने मारपीट कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने डायरेक्ट समेत दस लोगों पर केस दर्ज कर लिया था। तीन दिन पहले छात्र की हालत सही होने पर कॉलेज छात्रावास में शिफ्ट कर दिया है।
उनकी सुरक्षा में पुलिस तैनात की गई है। उधर, विदेशी छात्रों से मारपीट के बाद उनके पक्ष में कई राजनीतिक संगठन और सामाजिक संगठन उनका हाल जानने के लिए कॉलेज के बाहर पहुंच रहे हैं। जिन्हें पुलिस अंदर जाने नहीं दे रही है।
इससे टकराव की स्थिति बन रही है। ऐसे में अब विदेशी छात्रों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस की नजर उनके दिल्ली दूतावास में शिफ्ट होने पर टिकी है। माना जा रहा है कि कॉलेज प्रबंधन दिल्ली दूतावास के अधिकारियों से संपर्क करने में लगा हुआ है।
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि अगर इस संबंध में दूतावास से कोई आदेश मिलते हैं तो विदेशी छात्रों को दूतावास में शिफ्ट किया जाएगा। फिलहाल, उनकी सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।