एनएच 74 घोटाले में निलंबित दो आईएएस को आरोप पत्र का जवाब दाखिल करने का एक सप्ताह और दिया गया है। दोनों अफसरों ने अनिवार्य दस्तावेजों की उपलब्धता नहीं होने से समय बढ़ाने की मांग की थी।
एनएच 74 घोटाले में 11 सितंबर को सरकार ने आईएएस पंकज पांडेय और चंद्रेश यादव को निलंबित किया था। दोनों अफसरों को निलंबन के तीन सप्ताह बाद शासन ने चार्जशीट सौंप कर 15 दिन में जवाब दाखिल करने का समय दिया था। जवाब तैयार करने के लिए अफसरों को आरोपों से संबंधित जरूरी दस्तावेज मुहैया करवाए जाने थे, लेकिन अभी तक उन्हें पूरी जानकारी नहीं मिली है।
उन्होंने इस संबंध में कार्मिक विभाग को अवगत करवाया है। कार्मिक विभाग ने जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को जानकारियां मुहैया करवाने के लिए कहा है। सूत्रों के अनुसार कार्मिक विभाग ने एक सप्ताह का समय दिया था। शनिवार तक आरोप पत्र का जवाब दाखिल करने का समय है।