फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

New Year 2021 : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दी नववर्ष की बधाई, एक साल की उपलब्धियां भी गिनाईं

Fri, 01 Jan 2021 12:52 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत - फोटो : AMAR UJALA FILE PHOTO
विज्ञापन

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की बधाई व शुभकामनाएं दीं हैं। नववर्ष की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला वर्ष हम सभी के जीवन में नई आशा और ऊर्जा संचार करेगा।

विज्ञापन


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2020 की कोरोनाकाल के संघर्ष को याद किया। साथ ही पिछले एक साल में राज्य सरकार की उपलब्धियों को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 उत्तराखंड के इतिहास में बड़े फैसलों के लिए जाना जाएगा।

बकौल मुख्यमंत्री, पूरी मानव सभ्यता कोरोना से संघर्ष करने में लगी रही। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम सभी देशवासियों ने भी कोरोना से जंग लड़ी। यह लड़ाई अभी भी जारी है। प्रधानमंत्री के सही समय पर लिए गए सही निर्णयों से देश संभली हुई स्थिति में है। 
विज्ञापन


सीएम ने कहा कि राज्य के लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए गैरसैण को न केवल ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया बल्कि राजधानी परिक्षेत्र में राजधानी के अनुरूप अवसंरचनात्मक विकास करने की योजना पर भी काम शुरू किया। अगले दस वर्षों में वहां 25 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 

हमारे ये बड़े फैसले भी हैं

सीएम ने कहा कि इस वर्ष चारधाम देवस्थानम बोर्ड का विधिवत गठन किया गया। यह हमारी सरकार का बहुत बड़ा निर्णय है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना प्रदेश के युवाओं को स्वावलंबी बनाने में मददगार हो रही है। तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, किसानों के जीवन में खुशहाली लाएगा।

इस वर्ष वैश्विक महामारी कोरोना से हम जंग लड़ रहे हैं। हमने हेल्थ सिस्टम को मजबूत किया। अब हर जिले में आईसीयू स्थापित है। हम राज्य में आने के इच्छुक उत्तराखंड के प्रवासी भाइयों को लाए और उनके रोजगार की भी चिंता की है। पर्यटन, उद्योग, कृषि आदि सभी क्षेत्रों को राहत दी है।      

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुड गर्वनेंस के लिए ई-गर्वनेंस को बढ़ावा दिया। ई-कैबिनेट और ई-आफिस को अमल में लाया गया है। राज्य के हर न्याय पंचायत से ई-पंचायत सेवा उपलब्ध कराने वाला उत्तराखंड देश का तीसरा राज्य बन गया है। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को वाई-फाई से जोड़े जाने की शुरुआत की। ग्रामीण घरों को केवल एक रुपये में पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

सामरिक महत्व के आठ पुलों का लोकार्पण

उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ में बीआरओ द्वारा निर्मित आठ पुलों का लोकार्पण किया गया। इन सभी पुलों का सामरिक दृष्टि से तो महत्व है ही, स्थानीय लोगों को भी इसका बहुत लाभ मिलेगा। पीएम ने नमामि गंगे के तहत उत्तराखंड में 521 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण किया।

इस वर्ष न्यू-ऋषिकेश रेलवे स्टेशन, डोबरा चांठी पुल, जानकी सेतु, सूर्याधार झील का उद्घाटन किया गया। पिरूल से एनर्जी के काम को आगे बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा स्वरोजगार योजना भी महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। 

ग्रोथ सेंटरों से 30 हजार लोग लाभान्वित

उन्होंने कहा कि राज्य में रूरल ग्रोथ सेंटर पीएम के आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अभी तक 106 ग्रोथ सेंटरों को मंजूरी दी जा चुकी है। लगभग 30 हजार लोग इनसे लाभान्वित हो चुके हैं जबकि छह करोड़ से अधिक की बिक्री और 60 लाख से अधिक का शुद्ध मुनाफा ग्रोथ सेंटरों के हुआ है। महिलाओं को भूमिधरी हक, राज्य में महिला सशक्तीकरण एवं स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय हैं।

संत महात्माओं के आशीर्वाद से भव्य और दिव्य होगा कुंभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन होने जा रहा है। हमने इसकी पूरी तैयारियां की हैं। संत महात्माओं के आशीर्वाद से दिव्य और भव्य कुंभ का आयोजन किया जाएगा। सरकार ने हरिद्वार में गंगा नदी की धारा को ‘एस्केप चैनल’ घोषित किए जाने के 2016 के आदेश को वापस लिया।       

वोकल फॉर लोकल बने जीवन का मंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि वोकल फॉर लोकल को अपने जीवन का मंत्र बनाएं। देश को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने और स्थानीय उत्पादों के प्रयोग का संकल्प लें। प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।
 

विज्ञापन

नव वर्ष पर राज्यपाल ने आमजन के कल्याण, महिला सशक्तिकरण का लिया संकल्प

नए साल पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने आम जन के कल्याण, महिलाओं को सशक्त करने, जल और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का संकल्प लिया है। नए साल के शुभकामना संदेश में राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आग्रह किया है।

राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2020 कोविड-19 के कारण चुनौतीपूर्ण रहा है। नये वर्ष में सब को मिलकर देश तथा प्रदेश के विकास और समृद्धि के लिए पुरजोर कोशिश करनी होगी। आने वाली चुनौतियों का सामना सकारात्मक सोच और साहस के साथ किया जा सकता है।

राज्यपाल ने कहा कि नववर्ष पर देवभूमि उत्तराखंड की राज्यपाल के रूप में वे अपने समस्त संवैधानिक दायित्वों को पूर्ण निष्ठा से निभाते रहने और राष्ट्र एवं राज्य के समग्र विकास के लिए आमजन के कल्याण, महिला सशक्तीकरण, जल एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का संकल्प ले रही हैं।

किसानों की दोगुनी आय करने का संकल्प करेंगे पूरा

कृषि एवं उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रदेश वासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन में खुशहाली आएं और स्वस्थ निरोग रहने की कामना करता हूं। नए साल में हम कोविड महामारी से जंग जीतेंगे। इस महामारी से राज्य की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है। प्रदेश में एकीकृत कृषि मॉडल के साथ किसानों की दोगुनी आय करने के संकल्प को पूरा किया जाएगा। सरकार ने कृषि व बागवानी क्षेत्र के तमाम योजनाएं लागू की है। इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए नए साल विशेष फोकस रहेगा। 

उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को देंगे बढ़ावा

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने नव वर्ष पर प्रदेश वासियों को कोविड महामारी के संकट से मुक्ति दिलाने और उन्नति की कामना की है। महाराज ने कहा कि वैश्विक कोविड महामारी से प्रदेश के पर्यटन उद्योगों पर बड़ा आर्थिक प्रभाव पड़ा है। नव वर्ष में पर्यटन उद्योग को एक नई पहचान दिलाने के योजनाओं पर काम किया जाएगा। धार्मिक पर्यटन के साथ एडवेंचर टूरिज्म में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

मैं प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मेरा सभी नागरिकों से आग्रह है कि नए साल में कोविड-19 महामारी की गाइडलाइन का पूरा पालन करें। पूरी सतर्कता के साथ रहें। मुझे पूरी आशा है कि नया साल प्रदेशवासियों के लिए खुशहाली और समृद्धि लेकर आएगा।
- यशपाल आर्य, समाज कल्याण एवं परिवहन मंत्री

देश और प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। 2020 की अच्छी और बुरी स्मृतियों से बाहर निकलकर हम नई संभावनाओं और उम्मीदों को छुएंगे। हमें खुद से यह वादा करना होगा कि जहां भी जाएंगे, कोविड अनुरूप व्यवहारों का पालन करेंगे। खुद को और दूसरों को कोविड-19 से सुरक्षित रखेंगे। 
- डॉ. रमेश पोेखरियाल निशंक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, सांसद हरिद्वार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें