विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौक के पास दशमेश कॉलोनी निवासी अब्दुल रहमान, काला, फैसल और रईस को पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। चारों के बीच पति-पत्नी के विवाद को लेकर शुरू हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि मौके पर दो गुट आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि रात मंडी चौक क्षेत्र में पारिवारिक विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि अब्दुल रहमान का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव के लिए पहुंचे पड़ोसियों से उसकी कहासुनी हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ने पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने लगी।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के साथ पुलिस से भी बहस करने लगे। संज्ञेय अपराध और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने शांतिभंग के तहत चारों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।