अभी तक कागजों और निरीक्षण के दौर से गुजर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन नमामि गंगे की लॉंचिंग तीर्थनगरी हरिद्वार से हो गई। हरिद्वार में नितिन गडकरी और उमा भारती ने नमामि गंगे के तहत 43 योजनाओं की शुरूआत की।
नमामि गंगे की शुरुआत के साथ केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि हम ये योजना लांच करके मां गंगा पर अहसान नहीं कर रहे हैं, बल्कि पाप का प्रायश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से मां गंगा को ये छोटी सी भेंट दी जा रही है।
लॉंचिंग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उमा भारती का स्वागत किया। नमामि गंगे की लॉंचिंग के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उमा भारती और शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, संजय गुप्ता, स्वामी यतीश्वरानंद, प्रेमचंद अग्रवाल, विजय बर्थवाल, चंदर शेखर भट्टेवाले, महा मंडलेश्वर हरि चेतनानंद, सतपाल ब्रह्मचारी, मेयर मनोज गर्ग, अमन शर्मा, संजय चतुर्वेदी मौजूद रहे।
गुरुवार को पूरे देश में गंगा की निर्मलता से जुड़ी 208 योजनाओं का अलग-अलग स्थानों पर शिलान्यास और लोकार्पण होगा।हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में इसके लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां हरिद्वार और ऋषिकेश से जुड़ी करीब 43 योजनाओं की शुरुआत की गई।