तल्लीताल में दो पक्षों में विवाद के बाद घायलों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान गंभीर रूप से घायल शामिन के परिजनों ने दूसरे पक्ष के शादाब, शाहिल आदि पर टूट पड़े। इस बीच परिजनों ने एक युवक को जमकर पीट दिया। मौके पर मौजूद तल्लीताल व्यापार मंडल की महिला उपाध्यक्ष ममता जोशी ने किसी तरह मामले को शांत किया। इस दौरान घायल युवक किसी तरह जान बचाकर कोतवाली की ओर भाग गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इलाज के दौरान अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। उसके बाद कोतवाल अशोक कुमार सिंह और अन्य पुलिस कर्मियों की देखरेख में घायलों का इलाज किया गया।
बूचड़खाना और हरीनगर क्षेत्र पुलिस के पहरे में
हरिनगर क्षेत्र में हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत के बाद बूचड़खाना और हरिनगर क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दी गई है। एसएसपी के निर्देशों के बाद पुलिस चौकन्नी हो गई है। इस बीच तल्लीताल थाना के साथ ही पुलिस लाइन से भी पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर तैनात कर दिया गया है।
विवाद का कारण स्पष्ट नहीं
तल्लीताल में हुए विवाद के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चला है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों का विवाद पुराना है। वहीं कई लोगों का कहना है कि पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस को भी स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना के बाद तल्लीताल एसओ विजय मेहता को मामले में जांच करने और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- प्रीति प्रियदर्शनी, एसएसपी नैनीताल