इस ऑपरेशन का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें एक फ्लैट की घेराबंदी किए पुलिसकर्मी दिख रहे हैं। बीच-बीच में गोलियों की आवाज आ रही है। करीब पांच से छह बार फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। पुलिसकर्मियों के हाथ में पिस्टल भी साफ दिख रही है। लेकिन सेक्टर-49 थाना प्रभारी सुरिंदर का कहना है कि कोई भी फायरिंग नहीं हुई है। दूसरी ओर, मोहल्ले के लोगों का कहना है कि उन्होंने भी गोलियां चलने की आवाज सुनी है।
शराब कारोबारी से 9 लाख की लूट
पता चला है कि 15 मार्च को ऊना में चार बदमाश हथियारों के बल पर शराब कारोबारी से नौ लाख रुपये लूटकर फरार हुए थे। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। माना जा रहा है कि उसी की निशानदेही पर पुलिस चंडीगढ़ पहुंची और अपने साथियों के साथ सेक्टर-49 स्थित फ्लैट में छिपे आरोपी को धर दबोचा।
चंडीगढ़ पुलिस पर खड़े हुए सवाल
इस ऑपरेशन के बाद चंडीगढ़ पुलिस की चौकसी पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि हथियारबंद तीन अपराधी शहर में रह रहे थे और पुलिस को भनक तक नहीं थी। यहां फ्लैट में रहने वालों की वेरिफिकेशन भी नहीं होती। जबकि कितनी ही वारदातें हो चुकी हैं।
शराब कारोबारी से लूट मामले में युवती समेत तीन आरोपियों को हथियारों के साथ चंडीगढ़ के सेक्टर-49 से दबोचा गया है। उनसे पूछताछ के बाद ही मामले की स्थिति साफ होगी। -अर्जित सेन ठाकुर, एसपी ऊना हिमाचल प्रदेश।