भाजपा ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने बाकी बचे उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। छह उम्मीदवारों के नाम का एलान करते हुए पार्टी ने मुन्ना सिंह चौहान को विकासनगर तो उनकी पत्नी मधु चौहान को चकराता से उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा की ओर से अब तक घोषित उम्मीदवारों में चौहान दंपति एकमात्र जोड़ा है, जो कि पार्टी से एक साथ चुनाव मैदान में हैं।
मुन्ना सिंह चौहान प्रदेश में पार्टी के प्रवक्ता हैं। मुन्ना सिंह चौहान चकराता सीट पर कड़ी टक्कर देते रहे हैं। यही वजह रही है कि पार्टी ने किसी और पर भरोसा जताने की जगह चौहान दंपति पर भरोसा जताया।
एनडी के बेटे को टिकट नहीं
अमित शाह से मुलाकात करते रोहित शेखर
- फोटो : AmarUjala
भाजपा उम्मीदवारों की लिस्ट में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के पुत्र रोहित शेखर का नाम नहीं है। उन्होंने हाल ही में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। जिसके बाद से इस बात के कयास लग रहे थे कि शेखर को हल्द्वानी से टिकट मिल सकता है।
पार्टी ने देहरादून की धर्मपुर सीट से विनोद चमोली, भीमताल से गोविंद सिंह विष्ट, हल्द्वानी से जोगेंद्र रौतेला और रामनगर से दीवान सिंह बिष्ट को उम्मीदवार बनाया है। रामनगर से सतपाल महाराज की पत्नी अमृता रावत की भी दावेदारी थी।
बीजेपी
शनिवार को उत्तराखंड के लिए भाजपा की दूसरी लिस्ट आने के बाद सूबे की सभी 70 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार घोषित हो गए हैं। जबकि राज्य की सत्ताधारी कांग्रेस अब तक अपने एक भी उम्मीदवार का एलान नहीं कर सकी है। इससे उसकी मुश्किलें और बढ़ने के आसार हैं। उम्मीद की जा रही है कि कांग्रेस रविवार को अपने उम्मीदवारों का एलान कर सकती है।