फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड में लटका कांग्रेस प्रत्याशियों का एलान, पार्टी में उठा भूचाल

Sun, 22 Jan 2017 01:04 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
राहुल गांधी
विज्ञापन
कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी होने की संभावना के बीच शनिवार को सियासी हवाओं में कुछ सीटों से उम्मीदवारों के नाम सामने आए तो दूसरे दावेदारों के  समर्थक सड़क पर उतर आए। देहरादून, हरिद्वार और भीमताल में बगावत की सुगबुगाहट से पार्टी के रणनीतिकारों की पेशानी पर बल पड़ गए हैं।
विज्ञापन


उधर, शुभ मुहूर्त के चक्कर में कांग्रेस विधायक मयूख महर ने टिकट का इंतजार छोड़ पिथौरागढ़ से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर्चा दाखिल कर दिया। कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने भी देवप्रयाग से निर्दलीय पर्चा भरा। दोनों नेताओं ने चुनाव अधिकारी को बाद में कांग्रेस पार्टी का सिंबल जमा करने का भरोसा दिया है।

शनिवार को सुबह से लेकर शाम हो गई, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची नहीं आई। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी को देहरादून में प्रेस कांफ्रेंस की तैयारी करने को कह दिया था।
विज्ञापन

मीडियाकर्मियों को बु‌ला लिया और सूची का पता नहीं

किशोर उपाध्याय - फोटो : file photo
संगठन की ओर से मीडियाकर्मियों को प्रेस कांफ्रेंस की सूचना दे दी गई। मीडियाकर्मी कांग्रेस भवन पहुंच भी गए। मगर उम्मीदवारों की सूची का कुछ अता-पता नहीं था। इधर, सुबह से ही सियासी हवाओं में प्रत्याशियों के नाम तय हो जाने की चर्चाएं तैरने लगीं।

खबर पहुंची कि मुख्यमंत्री हरिद्वार ग्रामीण और किच्छा से चुनाव मैदान में उतरेंगे तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को सहसपुर से उतारे जाने की चर्चाओं ने जोर पकड़ा। हरिद्वार से ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी को टिकट मिलने की खबर भी उड़ी।

देहरादून कैंट से सूर्यकांत धस्माना और रायपुर से महानगर अध्यक्ष पृथ्वी राज चौहान का नाम फाइनल होने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया। कयास यहां तक थे कि किशोर की उम्मीदवारी के लिए सहसपुर से दावेदारी कर रहे, पूर्व प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा को भी मना लिया गया है। 
विज्ञापन

देहरादून और हरिद्वार में घोषणा के पहले ही विरोध

Rahul Gandhi, Kishor Upadhyay - फोटो : AmarUjala
कांग्रेस भवन में अभी इन चर्चाओं पर बहस गरमा ही रही थी कि वहां पूर्व में बागी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़े गुलजार अहमद के समर्थक आ पहुंचे। दरी लगाकर वे धरने पर बैठ गए और उन्होंने बाहरी उम्मीदवार के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।

ठीक ऐसा ही दृश्य शनिवार को हरिद्वार विधानसभा सीट पर दिखाई दिया, जहां ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी को हरिद्वार से टिकट मिलने की खबर से टिकट की दावेदारी कर रहे सतपाल ब्रहमचारी के समर्थक सड़कों पर उतर आए। कई सीटों पर बगावत की आहट से पार्टी के रणनीतिकारों के पसीने छूट रहे हैं।

भीमताल सीट से चुनाव की तैयारी कर रहे पूर्व प्रत्याशी राम सिंह केडा ने टिकट काटे जाने पर निर्दलीय ताल ठोकने के पहले ही संकेत दे डाले हैं तो उधर, घनसाली में भीमलाल आर्य को उम्मीदवार बनाए जाने से कांग्रेसियों में बेचैनी है। हालांकि टिकटों के एलान के बाद पार्टी को भी अंदाजा है कि उसे कुछ सीटों पर असंतोष का सामना करना पड़ेगा, लेकिन टिकट से पहले ही दावेदारों के समर्थक जैसा तेवर दिखा रहे हैं, उसने कांग्रेस नेतृत्व को परेशानी में डाल दिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें