आवासहीन लोगों के लिए नव वर्ष (2016) अच्छी खबर लेकर आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 जून को घोषित हाउसिंग फॉर आल (सबके लिए आवास) योजना के पात्र लोगों को लाभान्वित करने के लिए नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इसके तहत आप अपने टूटे-फूटे पुराने घर को तोड़कर दोबारा बनाने, स्लम बस्ती को पुनर्विकसित कराने, भूमि है पर मकान बनाने के लिए पैसा नहीं है और किराये पर रह रहे हैं तो हाउसिंग फॉर आल के तहत 6 लाख रुपये तक का ऋण बैंक से दिलाया जाएगा। इस पर 6.5 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी।
सर्वे के आदेश
मेयर विनोद चमोली ने बताया कि सर्वे के आदेश दिए गए हैं। डाटाबेस तैयार किया जाएगा और फिर आगे की प्लानिंग। सबके लिए आवास योजना का लाभ देने के लिए नगर निगम ने आवेदन फार्म छपवा लिए हैं। प्रथम चरण में 5000 आवेदन फार्म छपवाए हैं। सबके लिए आवास योजना के चार कंपोनेंट प्लान हैं।
योजना का सबसे अधिक फायदा उन लोगों को होगा जो पैसा नहीं होने के कारण अपना घर ठीक और पक्का नहीं करा पाते। जो स्लम बस्तियां हैं वह भी योजना का लाभ लेकर पुनर्विकसित कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए भूमि की एनओसी होना जरूरी है।
ले लीजिए फॉर्म
उन्होंने बताया कि छह लाख रुपये से अधिक ऋण चाहने वाले व्यक्ति को भी छह लाख रुपये पर सब्सिडी दी जाएगी। इससे अधिक ऋण पर बैंक की ऋण योजना की शर्त लागू होगी। उन्होंने बताया कि अपने घर के इच्छुक लाभार्थी नगर निगम से आवेदन फार्म ले सकते हैं। मेयर ने बताया कि योजना का लाभ वर्ष 2022 तक उठा सकते हैं।
यह है पात्रता
स्थानीयता के प्रमाण-पत्र के अलावा तीन लाख रुपये वार्षिक आय वालों को तीन लाख रुपये का ऋण दिया जा सकता है। तीन लाख से छह लाख रुपये वार्षिक आय वालों के लिए साठ वर्ग मीटर भूमि होनी आवश्यक है।