बरसात में गोहना नदी के उफान से रुद्रपुर और आसपास के एक दर्जन गांवों का संपर्क कटने की समस्या से अब निजात मिलने की उम्मीद जगी है। नदी पर करीब 5.75 करोड़ रुपये की लागत से 120 मीटर स्पान के मल्टी सेल बॉक्स कलवर्ट बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग की विभागीय समिति ने निर्माण कार्य को मंजूरी दे दी है।
गोहना नदी पर पुल नहीं होने से हर साल मानसून में रुद्रपुर, सोरना, डोभरी, बड़वा, होरावाला, गोडरिया, रजौली, कोटड़ा, कोटी और ढलानी समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ते ही सड़क पर तेज बहाव शुरू हो जाता है। ऐसे में राहगीरों और वाहन चालकों के लिए नदी पार करना जोखिम भरा हो जाता है। कई बार लोगों को रास्ते से वापस लौटना पड़ता है। स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है। नदी का बहाव तेज होने पर ग्रामीणों को सहसपुर के रास्ते विकासनगर पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। जुलाई और अगस्त में नदी के उफान से आवाजाही बाधित होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
लंबे समय से उठती रही है आवाजगोहना नदी पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से उठती रही है। कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष रहे दिवंगत रमेश चंद्र आजाद ने करीब एक दशक तक इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उनके बाद सहसपुर विधायक प्रतिनिधि डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर लगातार विधायक और शासन स्तर पर निर्माण की मांग करते रहे। अब विभागीय समिति की स्वीकृति मिलने से निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। प्रस्तावित निर्माण में पांच मीटर के मल्टी सेल बॉक्स कलवर्ट बनाए जाएंगे। विभाग के अनुसार अगले दो सप्ताह में शासनादेश जारी होने की उम्मीद है।
विभागीय समिति ने 5.75 करोड़ रुपये की लागत से 120 मीटर स्पान के मल्टी सेल बॉक्स कलवर्ट निर्माण को स्वीकृति दे दी है। अगले दो सप्ताह में शासनादेश जारी होने की उम्मीद है। - दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, देहरादून खंड