6543 मीटर की ऊंचाई पर स्थित शिवलिंग चोटी पर फंसे पोलैंड के दो पर्वतारोहियों मे से एक की कल रात पहाड़ी से फिसलने पर मौत हो गई थी।
बताया जा रहा है कि मृतक पोलिश पर्वतारोही लुकास्ज जॉन की डेड बॉडी शुक्रवार को तपोवन बेस कैंप पहुंचाया जा चुका है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि डेड बॉडी को बेस कैंप से कहां पहुंचा जाए। शुक्रवार के पूरे दिन एनआईएम और पुलिस के किसी भी अधिकारी का संपर्क रेस्क्यू के लिए गई टीम से नहीं हो पाया है।
वहीं अब शविलिंग चोटी के सबमिट प्वाइंट की 6200 मीटर की ऊंचाई पर बेहोशी की हालत में पड़े दूसरे पर्वतारोही ग्रजेगुज माइकल की जिंदा रहने की संभावनाएं पुलिस अधिकारियों द्वारा कम ही बताई जा रही है।
शुक्रवार देर शाम आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र संजय गुंज्याल ने बताया कि शुक्रवार पूरे दिन रेस्क्यू के लिए गई टीम के किसी भी सदस्य से उनकी बातचीत नहीं हो पाई है। हालांकि इतना जरूर है कि जिस पोलिश पर्वतारोही की बृहस्पतिवार रात को पहाड़ी से गिरने से मौत हो गई थी। उसकी डेड बॉडी लेकर टीम तपोवन बेस कैंप तक पहुंच गई होगी। उन्होंने बताया कि पोलिश पर्वतारोही लुकास्ज जॉन की मौत की सूचना पोलिश दूतावास के जरिए उनके परिजनों तक पहुंचा दी गई है।