मंगलवार को उत्तराखंड में मानसून के दस्तक देने के बाद बुधवार को अधिकतर इलाकों में मौसम खराब बना रहा। राजधानी देहरादून सहित ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहे तो कहीं-कहीं रात से रुक-रुक कर बारिश होती रही।
सुबह करीब दस बजे देहरादून में भी रिमझिम बरसात शुरू हो गई। मसूरी में बारिश से तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। बागेश्वर, काशीपुर, रामनगर, पिथौरागढ़, लोहाघाट, अल्मोड़ा में तड़के से रुक-रुक कर बारिश होती रही। वहीं, भूस्खलन से यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे कई घंटे बंद रहा। वहीं, गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा में दिनभर पत्थर गिरते रहे।
मुनस्यारी के मोहरपानी पोटिंग के पास 50 बकरियां मलबे में दबीं
मुनस्यारी (पिथौरागढ़) उच्च हिमालयी क्षेत्र मोहरपानी पोटिंग में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से आए मलबे में 50 से ज्यादा बकरियां दब गईं। घटना मुनस्यारी से 29 किमी दूर और 3100 मीटर की ऊंचाई पर हुई है।
धापा के पूर्व प्रधान मुन्ना ढोकटी और साइपोलू के जगत सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम साइपोलू गांव के जगत सिंह, प्रहलाद सिंह, हरीश सिंह, त्रिभुवन सिंह और मनोज सिंह की बकरियां एक चट्टान के आड़ में रुकी थीं, तभी भारी बारिश के कारण पहाड़ से मलबा आकर उनके ऊपर गिरा और मलबे में 50 से ज्यादा बकरियां दब गईं। एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि राजस्व की टीम को मौके पर भेज दिया गया है।