रुड़की में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की लंढौरा शाखा से चार करोड़ से अधिक की राशि गुम हो गई है। मामला उजागर होने पर स्थानीय अधिकारियों से लेकर बैंक के जिला प्रबंधन तक में हड़कंप मचा है। फिलहाल अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
पीएनबी की लंढौरा शाखा से चार करोड़ से अधिक की राशि का हिसाब नहीं मिल सका है। इस संबंध में पहले तो स्थानीय स्तर पर ही पड़ताल की गई, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद जांच कमेटी गठित कर दी गई। पिछले कई दिनों से मामले की पड़ताल चल रही है, लेकिन कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।
पीएनबी लंढौरा के ब्रांच मैनेजर विक्रम सिंह गड़बड़ी की बात तो स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन इस संबंध में जानकारी देने से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि जांच के बाद भी कुछ कहा जा सकता है। जब पीएनबी के जिला प्रबंधक केएस पाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह दो दिन से बाहर हैं।
उन्हें जानकारी मिली है कि आईटी की गड़बड़ी से बैंक को लॉस हुआ है, जिसकी रिकवरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि काफी रकम रिकवर भी की जा चुकी है। गड़बड़ी के कारण के संबंध में पूछने पर उन्होंने कहा कि फिलहाल रकम रिकवरी का प्रयास किया जा रहा है। फिर जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।