राजधानी देहरादून में भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली का असर ग्राहकों पर देखने को मिला।
संडे के दिन तिब्बती मार्केट खरीदारी के लिए पहुंचने वाले ग्राहक इस बाजार के बंद होने से इंदिरा मार्केट में जरूरत की चीजें खरीदते नजर आए। इससे यहां कारोबार में बढ़ोत्तरी रही। उधर, संडे मार्केट में फड़, ठेली लगाने वाले भी गलियों में शिफ्ट हो गए।
पलटन बाजार में तो ठेलियां नहीं लगीं, अलबत्ता फड़ वाले दुकानों के बाहर कपड़े, जूते, घड़ियां बेचते नजर आए। ठेलियां नहीं लगने से पलटन बाजार में आवाजाही करने वाले जरूरत राहत में नजर आए। उधर, इंदिरा मार्केट में ग्राहकों की रेलमपेल रही।
रेडीमेड कपड़ों की दुकानें चलाने वाले विजय अरोड़ा के अनुसार यह मार्केट प्रत्येक माह अंतिम बुधवार को बंद रहता है। पुलिस, प्रशासन की तरफ से नरेंद्र मोदी की रैली के चलते बाजार बंदी का कोई निर्देश नहीं था, लिहाजा दुकानें नियत वक्त पर खोली।
तिब्बती बाजार के बंद होने इंदिरा मार्केट में बेहतर कारोबार रहने पर वह खुश नजर आए। इसी मार्केट में बैग की दुकान चलाने वाले आशु के मुताबिक बाजार में एक अनुमान के मुताबिक प्रतिदिन का लगभग 50 लाख का कारोबार होता है। लेकिन संडे को इसमें 20-30 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी तो निश्चित रूप से रही।