अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो जल्द ही विधायक निधि का लेखा-जोखा मोबाइल की एक क्लिक पर मिल सकेगा।
उत्तराखंड के चमोली जिले के विकास विभाग की ओर से विधायक निधि नाम से तैयार किए इस मोबाइल ऐप के जरिए विधायक निधि कहां कहां खर्च हो रही और गांवों में हो रहे विकास कार्यों की पूरी जानकारी मिलेगी।
चमोली जिला राज्य में इस ऐप को तैयार करने वाला पहला जिला बन गया है। अक्तूबर माह से मोबाइल फोन पर ऐप डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप के माध्यम से विधायक निधि के तहत हुए विकास कार्यों और कार्य की प्रगति की जानकारी मिल पाएगी।
ऐप का निर्माण चमोली के मुख्य विकास अधिकारी मंगेश घिल्डियाल के दिशा-निर्देशन में हुआ। ऐप के माध्यम से ग्रामीण विभाग को सुझाव व कार्य में हो रही अनियमितताओं की जानकारी भी दे सकेंगे।
वहीं बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी, कर्णप्रयाग विधायक डा. एपी मैखुरी, थराली विधायक डा. जीतराम, का कहना है कि ऐप को बेहतर बताते हुए कहा कि इससे कार्यदायी संस्थाओं की ओर से कार्य में की जाने वाली देरी पर भी अंकुश लग पाएगा।
ऐसे करें ऐप को डाउनलोड
विकास विभाग की ओर से ऐप को प्ले स्टोर से कनेक्ट कर दिया जाएगा। जिसके बाद कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल के प्ले स्टोर में जाकर विधायक निधि ऐप को डाउनलोड कर सकता है।