एमकेपी पीजी कॉलेज के नवनिर्माण, अनुरक्षण भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास करते उच्चशिक्षा मंत्री
देहरादून। एमकेपी पीजी कॉलेज को प्रदेश का पहला महिला विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। यह घोषणा उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एमकेपी में एक कार्यक्रम के दौरान की।
एमकेपी में शनिवार को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत होने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, क्षेत्रीय विधायक खजानदास ने किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि सरकार एमकेपी पीजी कॉलेज को प्रदेश का पहला महिला विवि बनाने के लिए तत्पर है। इस दिशा में शासन स्तर पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि जल्द ही एमकेपी की सूरत बदली नजर आएगी। यहां रूसा ग्रांट से भवनों, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और कॉमन रूम का निर्माण किया जा रहा है। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. रेखा खरे सहित भारी संख्या में छात्राएं व शिक्षक मौजूद रहे।