युवतियों ने विरोध किया तो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। युवती ने अपने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इस पर युवती का भाई मौके पर पहुंचा और बहन से छेड़छाड़ करने का विरोध किया। आरोप है कि इस पर एक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल कर उस पर गोली चला दी।
युवती के भाई ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भी युवक ने पिस्टल से एक राउंड हवाई फायरिंग कर दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। युवती के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। इसमें फायरिंग की पूरी घटना कैद हो गई।
पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। उधर, बुधवार की सुबह युवती व परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर आधा दर्जन युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।