देहरादून। मुख्यमंत्री हुनर योजना के तहत राज्य के अल्पसंख्यकोें को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने व उन्हें रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए क्लेमेंटटाउन बड़ा भारूवाला स्थित अबुल कलाम आजाद इंटर कॉलेज में पहले ‘हुनर सेंटर’ का उद्घाटन 15 सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष शादाब शम्स ने किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि हुनर सेंटर में प्रशिक्षण लेने वाले युवक-युवतियोें के लिए रोजगार के बेहतर अवसर मुहैया होंगे। सरकार व मुख्यमंत्री का प्रयास है कि राज्य के सभी जिलों में हुनर सेंटर की स्थापना की जाए। सेंटरों में प्रशिक्षण लेने वालों युवाओं युवतियों को अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम से लोन मुहैया कराया जाएगा ताकि वे रोजगार शुरू कर सकें। सरकार सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के नारे को चरितार्थ कर रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता छावनी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन हाजी मोहम्मद अली ने की। इस मौके पर अल्पसंख्यक कल्याण निदेशक सुरेश जोशी, मदरसा बोर्ड के उप रजिस्ट्रार अखलाक अहमद, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी जेएस रावत, पार्षद आफताब आलम, मदरसा स्कूल प्रबंधक शहजाद आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उस्मान अली ने किया।