रक्षा मंत्रालय ने एक बार फिर इंडो चाइना बार्डर रोड (आईसीबीआर) परियोजना की डेडलाइन बढ़ा दी है।
परियोजना के तहत चीन सीमा पर बन रही 73 सड़कों के लिए डेडलाइन 2012 तय थी, जिसे बढ़ाकर अब 2020 कर दिया गया। मंत्रालय ने इस डेडलाइन को तीसरी बार बढ़ाया है।
चीन सीमा तक सड़कों के निर्माण में हो रही देरी के चलते भारतीय सैनिक और अद्धसैनिक बलों की चौकसी प्रभावित हो रही है। विवादित बाडाहोती सेक्टर जैसे क्षेत्रों में चीन सेना के बढ़ते दखल को देखते हुए इन सड़कों का निर्माण बेहद जरूरी है।
परियोजना के तहत उत्तराखंड में 375 किलोमीटर लंबी 19 सामरिक सड़कें प्रस्तावित हैं। उत्तराखंड से लगती 350 किलोमीटर चीन सीमा तक सैन्य पहुंच आसान बनाने के लिए 14 सड़कें बीआरओ के अधीन हैं। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ में बनने वाली सड़कों की निर्माण रफ्तार बेहद धीमी है।