उम्मीद है कि अगले साल चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु बायो डाइजेस्टर शौचालय इस्तेमाल कर सकेंगे। पर्यटन विभाग ने करीब 33.69 करोड़ रुपये का संशोधित प्रस्ताव हाल ही में केंद्र सरकार को भेजा है।
मंजूरी मिलते ही यात्रा मार्ग पर 121 स्थानों पर शौचालयों का स्थाई निर्माण किया जाएगा। इन शौचालयों की खासियत यह है कि इको फ्रेंडली होने के अलावा इनमें बदबू नहीं होती है। अभी तक चारधाम यात्रियों के लिए सरकार प्रत्येक साल अस्थाई शौचालयों का निर्माण कराती है।
आने वाले साल में यात्रा सीजन के दौरान फिर शौचालयों का निर्माण कराना पड़ता है। इससे प्रत्येक वर्ष बड़ी धनराशि अस्थाई शौचालयों पर खर्च हो जाती है। इसी के मद्देनजर बायो डाइजेस्टर शौचालयों के निर्माण का फैसला लिया गया। एक बार निर्माण हो जाने के बाद सालों तक बिना किसी खास मेंटीनेंस के इनका इस्तेमाल किया जा सकेगा।