सरकार पर दबाव बनाकर मनमाने काम कराने वाले कृषि मंत्री डॉ. हरक सिंह की एक और मनमानी सामने आई है। मंत्री ने अपने चहेते रुद्रप्रयाग के मुख्य कृषि अधिकारी विनय कुमार को जैविक उत्पाद परिषद का सचिव बना दिया।
इससे नाराज वर्ष 2003 से बोर्ड में विभिन्न पदों पर रही विनीता शाह ने इस्तीफा दे दिया। मंत्री ने कहा कि उन्हें इस्तीफे की जानकारी नहीं है, लेकिन कोई इस गलतफहमी में न रहे कि वह नहीं रहेंगे तो विभाग नहीं चलेगा।
प्रदेश में नारायण दत्त तिवारी सरकार में मुख्य सचिव आरएस टोलिया ने जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जैविक उत्पाद परिषद का गठन किया था। उस दौरान इसमें विनीता शाह को परिषद का सचिव बनाया गया, वह वर्ष 2003 से परिषद में सचिव और वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक के पद पर काम करती रहीं है, एक महीने पहले ही उन्हें एक बार फिर परिषद का सचिव बनाया गया था।